गली नंबर 7, साईबाबा नगर, कोंढवा खुर्द में बिल्डिंग का अवैध निर्माण, प्रशासन से MBT NEWS ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पुणे : कोंढवा खुर्द क्षेत्र के 62/8, गली नंबर 7, साईबाबा नगर में बिल्डर द्वारा अवैध निर्माण कार्य किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि संबंधित स्थान पर बिना किसी अनुमति के निर्माण कार्य जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस निर्माण के लिए न तो राजस्व विभाग की अनुमति ली गई है, न ही गौण खनिज उत्खनन संबंधी आवश्यक मंजूरी, और न ही पुणे महानगरपालिका की कोई अनुमति प्राप्त की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ बिल्डर कम कीमत में फ्लैट बेचकर बाद में अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हैं। ऐसे में भविष्य में यदि इमारत से जुड़ी कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, यह एक गंभीर सवाल बन गया है।
नागरिकों का आरोप है कि इस अवैध निर्माण के कारण क्षेत्र में पानी की आपूर्ति, ड्रेनेज, बिजली और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में MBT NEWS ने पुणे महानगरपालिका में शिकायत दर्ज कर संबंधित बिल्डरों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही आरोप लगाया गया है कि कुछ बिल्डर यह कहते हुए खुलेआम घूम रहे हैं कि, “हम सबको मैनेज कर लेते हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इस तरह के आरोपों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







