भारती विद्यापीठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई घर बचाना है तो 10 लाख दो’ — धमकी देकर वसूली करने वाले गिरफ्तार
पुणे: 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार, भारती विद्यापीठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुणे के भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन की टीम ने धमकी देकर और निर्माण कार्य तुड़वाने का डर दिखाकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने हुजूरपागा स्कूल के सामने, मांगडेवाडी, कात्रज क्षेत्र में ममता फाउंडेशन संस्था के माध्यम से भवन तथा रहने के लिए दो मकानों का निर्माण किया था। आरोप है कि भीम संघर्ष संघटना के संस्थापक व अध्यक्ष विनोद गायकवाड़ ने जानबूझकर पुणे महानगरपालिका में शिकायत देकर निर्माण पर कार्रवाई करवाई और आगे भी बार-बार शिकायत कर पूरे मकान तुड़वाने की धमकी दी।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता से कहा कि यदि महानगरपालिका में आगे शिकायत नहीं करानी है तो इसके लिए 10 लाख रुपये देने होंगे। शिकायत के अनुसार, आरोपी विनोद गायकवाड़ पहले भी कथित रूप से शिकायतकर्ता से टाइटन कंपनी की घड़ी, गॉगल और करीब 10 हजार रुपये स्वीकार कर चुका था। वहीं संग्राम दत्तात्रय सोनावणे के खाते में भी 4 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों ने कथित रूप से रंगदारी की रकम में से 40 हजार रुपये कात्रज स्थित किनारा होटल में लेने की बात कही। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मानसिंग पाटील के मार्गदर्शन में पुलिस ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को आरोपी के बताए स्थान पर भेजा गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी विनोद गायकवाड़ और संग्राम दत्तात्रय सोनावणे को शिकायतकर्ता से रंगदारी की रकम के रूप में 50 हजार रुपये नकद स्वीकार करते समय रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने
1. विनोद निवृत्ती गायकवाड़ (43)
2. संग्राम दत्तात्रय सोनावणे
3. सुधीर मुगुट शेडगे (38)
4. निलेश बबन कुंभार (42)
को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 7 लाख 9 हजार 850 रुपये मूल्य का मुद्देमाल भी जब्त किया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश मोहिते कर रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने धमकी देकर पैसे, उपहार या किसी प्रकार की रंगदारी मांगी हो, तो तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त परिमंडल-5, सहायक पुलिस आयुक्त भारती विद्यापीठ विभाग के मार्गदर्शन में भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन की टीम ने की।







