पुणे में एफडीए की बड़ी कार्रवाई: बिना लाइसेंस ₹50 लाख से अधिक की संदिग्ध आयुर्वेदिक दवाएं जब्त
पुणे में एफडीए की बड़ी कार्रवाई: बिना लाइसेंस ₹50 लाख से अधिक की संदिग्ध आयुर्वेदिक दवाएं जब्त
पुणे: पुणे में अन्न एवं औषध प्रशासन (एफडीए) ने शुक्रवार पेठ स्थित कल्पतरू आयुर्वेद पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹50.36 लाख कीमत की संदिग्ध आयुर्वेदिक दवाएं जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन दवाओं का भंडारण और बिक्री आवश्यक अनुमति के बिना की जा रही थी।
एफडीए को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां भस्म और रस जैसी आयुर्वेदिक दवाओं का बिना वैध लाइसेंस के स्टॉक रखा गया है। इसके बाद अधिकारियों ने छापा मारा। जांच के दौरान प्लास्टिक की थैलियों, डिब्बों और बोतलों में बड़ी मात्रा में दवाएं मिलीं।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई कई दवाओं पर कानून के अनुसार जरूरी जानकारी जैसे बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता और उत्पादन लाइसेंस नंबर दर्ज नहीं था। इससे दवाओं की गुणवत्ता और वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के दौरान संस्थान के संचालक राकेश राजेंद्र शिर्के से दवाओं की खरीद के बिल और संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे तत्काल आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
एफडीए ने पूरे संदिग्ध दवा भंडार को जब्त कर लिया है। अब इन दवाओं का स्रोत, उनकी गुणवत्ता और बिक्री की वैधता की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







