ई-पेपरक्राईमताजा खबरदेश-विदेशपुणेमहाराष्ट्रशिक्षासामाजिक

दुबई से चला रहा था करोड़ों का साइबर फ्रॉड नेटवर्क, मुंबई एयरपोर्ट पर दबोचा गया मास्टरमाइंड


पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस को अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुबई से संचालित हो रहे एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड सिंडिकेट के मुख्य मास्टरमाइंड सौरभ उर्फ गणेश काले को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही जांच और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए समन्वय का परिणाम है।

पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे ने बताया कि आरोपी दुबई में बैठकर ऑनलाइन टास्क स्कैम, शेयर मार्केट फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों का संचालन कर रहा था। वह इन अपराधों से जुड़े ऑपरेटरों और म्यूल अकाउंट्स के नेटवर्क को नियंत्रित करता था।

इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा पिंपरी-चिंचवड़ में दर्ज तीन अलग-अलग साइबर अपराध मामलों की जांच के दौरान हुआ। देहू रोड, हिंजवड़ी और साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामलों की पड़ताल में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। देहू रोड पुलिस स्टेशन के एक मामले में पहले ही 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक गाड़े विशेष रूप से दुबई जाकर गणेश काले से मिला था और भारत लौटकर उसके निर्देशों पर काम कर रहा था।

Advertisement

पुलिस आयुक्त चौबे ने बताया कि किसी अपराधी को विदेशी धरती से वापस लाना बेहद चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया होती है। पिछले डेढ़ वर्ष से आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस, रेड कॉर्नर नोटिस और प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान आरोपी दुबई से फरार होकर थाईलैंड पहुंच गया। भारत द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर थाईलैंड में उसे हिरासत में लिया गया। बाद में भारतीय एजेंसियों और पुलिस के समन्वित प्रयासों से उसे भारत लाया गया और मुंबई एयरपोर्ट पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में पिंपरी-चिंचवड़ साइबर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नाले और एपीआई स्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही गृह मंत्रालय की साइबर विंग I4C ने भी तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे ने इस सफलता के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह फिल्मों में अंतरराष्ट्रीय अपराधियों को पकड़ने का रोमांच दिखाया जाता है, उसी तरह पुलिस टीम ने वास्तविक जीवन में यह चुनौतीपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने घोषणा की कि इस उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!